साइबर थाना कैमूर ने वापस कराए ठगी के 71,000 रुपये, त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 07, 2025
- 101 views
कैमूर- साइबर ठगों के खिलाफ सफलता हासिल करते हुए कैमूर साइबर थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित के खाते से धोखाधड़ी कर निकाले गए 71,000 रुपये वापस कराए हैं। जानकारी के अनुसार, कुदरा थाना क्षेत्र के धरेयां गांव निवासी चित्रंजन सिंह कुमार (पिता स्व. गिरजा सिंह) ने साइबर थाना कैमूर में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया था कि साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से धोखे से 71,000 रुपये निकाल लिए हैं। शिकायत मिलते ही साइबर थाना कैमूर की टीम हरकत में आ गई। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तकनीकी टीम ने फ्रॉड लेनदेन का पता लगाया और संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया। पुलिस की मुस्तैदी और सक्रियता का ही परिणाम था कि साइबर ठगों द्वारा निकाले गए कुल 71,000 रुपये की राशि को आवेदक के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिया गया। इस उपलब्धि पर साइबर थाना कैमूर के अधिकारियों ने बताया कि वे साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि लोग अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें और ऑनलाइन लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें। चित्रंजन सिंह कुमार ने साइबर थाना कैमूर की इस त्वरित कार्रवाई और उनके पैसे वापस दिलाने के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है। यह घटना साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ के बीच पीड़ितों के लिए एक उम्मीद की किरण है और यह संदेश देती है कि सतर्कता और समय पर पुलिस को सूचना देने से ऐसी धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।


रिपोर्टर