भिवंडी के ग्राम विकास अधिकारी बर्खास्त, 1.40 करोड़ के गबन का मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 07, 2025
- 190 views
भिवंडी। भिवंडी तालुका की खोणी ग्राम पंचायत में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी राम जगन्नाथ म्हस्के पर भारी भ्रष्टाचार और सरकारी निधि के गबन के गंभीर आरोप लगे है। जांच में करोड़ों रुपये के हेरफेर का मामला सामने आने के बाद अधिकारी को बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, म्हस्के पर वर्ष 2016 से 2017 के बीच किए गए भुगतानों और कार्यों में अनियमितताओं के आरोप हैं। आरोप है कि उन्होंने सरकारी निधि का दुरुपयोग किया, टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी की और कई सरकारी योजनाओं में वित्तीय गड़बड़ी की। कल्याण पंचायत समिति के गट विकास अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्राथमिक जांच रिपोर्ट में म्हस्के को दोषी पाया गया है।इसके बाद ठाणे विधि लेखा कार्यालय और कोंकण विभाग के सहायक आयुक्त (जांच) द्वारा किए गए स्वतंत्र लेखा परीक्षण में यह खुलासा हुआ कि कुल 1 करोड़ 40 लाख 39 हजार 738 रुपये का गबन किया गया है।इस पूरे प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब ग्राम पंचायत सदस्य शाहनवाज इम्तियाज कुरेशी ने ठाणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पास विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जिला परिषद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह मामला भिवंडी तहसील में चल रही बड़ी वित्तीय जांच का हिस्सा माना जा रहा है और अधिकारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में और भी कई घोटाले सामने आ सकते है। ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ दर्ज यह मामला स्थानीय शासन में फैले भ्रष्टाचार और जवाबदेही के अभाव की एक और कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।


रिपोर्टर