कैमूर पुलिस का चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की ब्राउन शुगर और गांजा के साथ तीन गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान में कैमूर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देशन में मोहनिया थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग छापों में लगभग 40 लाख रुपये की ब्राउन शुगर, गांजा, अवैध हथियार और नकदी बरामद की गई है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक का आपराधिक इतिहास भी है।

कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने रविवार को मोहनिया थाने में एक प्रेस वार्ता कर जानकारी दी-


कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। 26 अक्टूबर 2025 को मोहनिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में छापेमारी कर 204.6 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,01,400 रुपये नकद जब्त किए गए। इस मामले में दो अभियुक्तों, इरफान अंसारी उर्फ बबलू अंसारी और उमाशंकर निषाद उर्फ छोटू चौधरी उर्फ आर्या चौधरी को गिरफ्तार किया गया। बरामद ब्राउन शुगर का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपये आंका गया है। इनके पास से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। इससे पहले, 25 अक्टूबर 2025 को मोहनिया थाना क्षेत्र के ही उसरी गांव में एक अन्य छापेमारी की गई। इस दौरान जय प्रकाश गुप्ता नामक व्यक्ति को 1100 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा और 26.610 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 55,000 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से उमाशंकर निषाद उर्फ छोटू चौधरी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ शिवसागर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। कैमूर एसपी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट