भिवंडी में किसानों की फसलें बेमौसम बारिश से बर्बाद
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 30, 2025
- 196 views
एपीएमसी ने की ‘ओला दुष्काळ’ घोषित करने की मांग
भिवंडी। भिवंडी तालुका में इस वर्ष मानसून के समाप्त होने के बावजूद अक्टूबर माह में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। बेमौसम बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसलें पूरी तरह से जलमग्न हो गईं, जबकि कई किसानों की कटाई के बाद रखी गई फसलें भी भीगकर सड़ गईं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
इसी गंभीर परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए भिवंडी कृषि उत्पादन बाजार समिति (एपीएमसी) की ओर से तहसीलदार अभिजीत खोले को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें भिवंडी तालुका को ‘ओला दुष्काल’ (अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न आपदा) घोषित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में एपीएमसी के निदेशक श्रीराम पाटील, विशेषज्ञ निदेशक दीपक पाटील, मनोहर ठाकरे और सचिव प्रवीण गायकवाड़ शामिल थे। इस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि बेमौसम वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वेक्षण (पंचनामा) कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा राशि तत्काल प्रदान की जाए।कृषि उत्पादन बाजार समिति के सदस्यों ने बताया कि कई किसानों की महीनों की मेहनत एक ही झटके में बर्बाद हो गई है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं, जबकि कुछ स्थानों पर कटाई के बाद रखी फसलें पूरी तरह सड़ चुकी हैं। किसानों के पास अब बीज, चारा और पुनर्बुवाई के लिए संसाधन भी नहीं बचे हैं।समिति ने सरकार से तत्काल राहत कार्य शुरू करने, फसल बीमा योजनाओं के तहत त्वरित दावा निपटान करने और प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है।


रिपोर्टर