भिवंडी महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 30, 2025
- 244 views
एनसीपी ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने गंभीर आपत्ति जताई है। पार्टी के भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष प्रवीण एस. पाटील ने राज्य स्वास्थ्य अभियान के आयुक्त को पत्र भेजकर विस्तृत जांच की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि भिवंडी महानगरपालिका के वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी (MOH) संदीप गायकवाड़ के कार्यकाल में अस्पतालों के पंजीकरण, नवीनीकरण, नोटिफिकेशन, एक्स-रे तथा सोनोग्राफी केंद्रों के पंजीकरण के दौरान अवैध रूप से धन की वसूली की जा रही है। इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शहर जिला अध्यक्ष पाटिल के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अधिकारी नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इससे न केवल पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है, बल्कि नगरवासियों में भी असंतोष व्याप्त है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जन्म-मृत्यु विभाग में तैनात अधिकारी कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में विलंब होता है। बताया गया है कि प्रमाणपत्र जारी कराने के लिए संबंधित नागरिकों से अवैध रूप से धन की मांग की जा रही है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय आरोग्य अभियान के अंतर्गत डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन तथा अन्य कर्मचारियों की नियुक्तियों में भी कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। पात्र अभ्यर्थियों को दरकिनार कर धन के लेन-देन के आधार पर नियुक्तियां की जाने की बात कही गई है। पाटिल ने राज्य सरकार से मांग की है कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भिवंडी महानगरपालिका में स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और विश्वास बहाल हो सके।


रिपोर्टर