पालिका ठेकेदार की खुली लापरवाही..
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 18, 2025
- 119 views
चार मंजिला इमारत पर बिना सेफ्टी बेल्ट चढ़ाए जा रहे मजदूर.
मनपा की पुरानी इमारत की दुरुस्ती पर उठे गंभीर सवाल
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की पुरानी मुख्य इमारत की दुरुस्ती के काम में ठेकेदार की घोर लापरवाही सामने आई है। चार मंजिला इस इमारत की मरम्मत पिछले एक वर्ष से चल रही है, लेकिन अत्यंत चिंताजनक बात यह है कि रंगाई के लिए ऊँचाई पर भेजे गए मजदूरों को किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं दी गई है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत है कि इमारत के बाहरी हिस्से पर रंग-रोगन का काम सिर्फ बांस-बल्ली के सहारे किया जा रहा है। मजदूरों को न तो सेफ्टी बेल्ट दी गई है, न हेलमेट, और न ही कोई अन्य सुरक्षा उपकरण। ऊँचाई पर काम कर रहे मजदूरों के साथ इस तरह का जोखिम भरा व्यवहार किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकता है।
जानकारों के अनुसार, मरम्मत कार्य में पहले भी घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें उठ चुकी हैं। इसके बावजूद ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब सुरक्षा मानकों की धज्जियाँ उड़ते देख नागरिकों में भारी रोष है। जब संबंधित बांधकाम अभियंता विनोद मते से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने ठेकेदार का नाम बताने से इनकार करते हुए इतना ही कहा कि—“ठेकेदार को सभी शर्तें और सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए बाध्य किया गया है। किसी भी दुर्घटना की पूर्ण जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।”मते के इस बयान से यह साफ है कि मनपा सिर्फ कागजी जिम्मेदारी निभा रही है, जबकि मौके पर मजदूरों की जिंदगी खतरे में है।ना नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये के मरम्मत प्रस्ताव के बावजूद न काम की गुणवत्ता नजर आ रही है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मनपा आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप करने, ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई करने और काम स्थल पर उचित सुरक्षा उपकरण अनिवार्य करने की मांग की है।


रिपोर्टर