कल्याण नाका–अंजुरफाटा सड़क चौड़ीकरण में मनपा की बड़ी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 18, 2025
- 203 views
दूसरे चरण में 114 मिलकतें हटाई गईं
भिवंडी। मेट्रो रेल परियोजना और विकास आराखड़े के तहत अंजुरफाटा चौक होते हुए न्यू लिबर्टी होटल, कल्याण नाका तक मुख्य मार्ग को 36 मीटर तक चौड़ा करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मनपा प्रशासक, आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त और उप आयुक्त के निर्देशानुसार कुल 351 बाधित मिलकतों को दस्तावेज़ जमा करने और मुआवजा प्रक्रिया के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
इन्हीं में से 116 मिलकतों को महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 268 और महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगररचना अधिनियम 1966 की धारा 53(1)(अ) के तहत 24 घंटे में स्वयं अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। कुछ संपत्तियों को नोटिस दिया जाना बाकी था, जिन्हें आज 18 नवंबर 2025 को कार्रवाई में शामिल किया गया।
दूसरे चरण के तहत नारपोली रतन जूस सेंटर से न्यू लिबर्टी होटल तक कुल 114 बाधित मिलकतों पर मनपा ने निष्कासन कार्रवाई की। इस अभियान में मनपा के ठेकेदार के 20 श्रमिक, तीन जेसीबी, तीन डंपर, मनपा प्रशासन के 50 अधिकारी-कर्मचारी और जल आपूर्ति विभाग के 10 कर्मचारी शामिल थे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए 250 से 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त गिरीष घोष्टेकर, बिट निरीक्षक संदीप ग. चव्हाण और प्रकाश भि. सपकाले सहित प्रभाग समिति क्रमांक 4 के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने किया। मनपा टीम के साथ शिपाई भी मौके पर मौजूद रहे।हालांकि दो संपत्तियों पर न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश होने के कारण उन्हें हटाया नहीं जा सका। मनपा ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो प्रोजेक्ट और सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए शेष मिलकतों पर भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


रिपोर्टर