चाचा को खाना देने निकले युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मोहनियां के कटरा कला गांव के पास मिला शव, शरीर पर चोट का निशान न होने से गहराया रहस्य

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 
कैमूर-- जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा कला गांव के समीप एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक का शव सड़क पर और उसकी बाइक पास ही गिरी हुई मिली। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान न होने से परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कटरा कला गांव निवासी मुक्तेश्वर राय के पुत्र नीतीश राय (24 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नीतीश घर से बाइक पर सवार होकर अपने चाचा के लिए खाना पहुंचाने खेत की तरफ निकला था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू हुई। इसी दौरान गांव के पास ही सड़क किनारे उसका शव और बाइक पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा किया और मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। मृतक के परिजनों का कहना है कि अगर यह सड़क हादसा होता, तो नीतीश के शरीर पर खरोंच या चोट के निशान जरूर होते। लेकिन उसके शरीर पर एक भी खरोंच नहीं है, जो यह इशारा करता है कि उसकी हत्या कर शव को यहां एक्सीडेंट का रूप देने के लिए फेंका गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (हार्ट अटैक, अंदरूनी चोट या हत्या) का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट