दो मासूम भाई-बहन की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता ने जताई हत्या की आशंका

पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप, 6 लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन, शरीर पर मिले चोट के निशान

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- चैनपुर प्रखंड के हरगांव पंचायत क्षेत्र में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 10 वर्षीय शिवानी कुमारी और 13 वर्षीय सुधार कुमार की मौत हो गई। मृतक बच्चों के पिता ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए गांव के ही छह लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन दिया है। इस दोहरी मौत की घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में तनाव का माहौल है। मृतकों के पिता घुरबिगन राजभर (निवासी हरगांव) द्वारा चैनपुर थाना अध्यक्ष को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना की शुरुआत रविवार, 23 नवंबर 2025 को हुई। घुरबिगन ने बताया कि उन्हें भतीजी चांदनी ने सूचना दी कि उनका बेटा सुधार और बेटी शिवानी गांव के बाहर एक मड़ई में फंदे से लटके हैं। पिता जब बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने बेटी शिवानी को जमीन पर गिरा हुआ और बेटे सुधार को फंदे से लटकता पाया। आनन-फानन में पिता ने बेटे को नीचे उतारा। उस वक्त शिवानी की मौत हो चुकी थी, लेकिन सुधार की सांसें चल रही थीं। दोनों को तत्काल बी.पी. सिंह हॉस्पिटल, चकिया ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुधार का इलाज शुरू किया गया। पिता का आरोप है कि अस्पताल में सुधार की हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन 27 नवंबर को इस्माइलपुर निवासी छकौड़ी राजभर, गोगा मियां और इमरान मियां के अस्पताल पहुंचने के बाद अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। अंततः 28 नवंबर की सुबह सुधार कुमार ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हफ्ते में दो बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घुरबिगन राजभर ने घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटनास्थल पर बच्चों के पैर जमीन को छू रहे थे, जबकि फंदा काफी ऊंचाई पर था। बच्चों के शरीर पर नाखूनों के स्पष्ट निशान मिले हैं, जो संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। पिता ने अपने आवेदन में गांव के ही विमल बिंद, अम्बिका बिंद, सुदर्शना बिंद, केरा बिंद, बिन्दु बिंद और बिहारी बिंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी और कुछ दिन पूर्व ही इन लोगों ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। पीड़ित पिता ने चैनपुर थाना प्रभारी से मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अपील की है ताकि उनके मासूम बच्चों को न्याय मिल सके। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट