कल्याण रोड पर सड़क चौड़ीकरण का विरोध तेज विधायक रईस शेख के खिलाफ लगे नारे
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 12, 2025
- 148 views
भिवंडी । मास्टर प्लान और मेट्रो परियोजना के नाम पर भिवंडी पालिका प्रशासन द्वारा की जा रही तोड़क कार्रवाई को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कल्याण रोड के रहिवासियों ने गुरुवार को पालिका की सड़क मार्किंग प्रक्रिया के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और स्थानीय विधायक रईस शेख के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। जानकारी के अनुसार, पिछले महीने अंजूरफाटा से कल्याण नाका तक पालिका प्रशासन ने भारी बंदोबस्त के बीच 36 मीटर सीमा के भीतर आने वाली कई इमारतों, मकानों और दुकानों पर कार्रवाई की थी। गुरुवार को इसी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए कल्याण नाका से राजनोली बाइपास तक सड़क किनारे मार्किंग की गई। जैसे ही यह खबर स्थानीय नागरिकों तक पहुंची, वे बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और सड़क चौड़ीकरण के इस कदम का विरोध किया।प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब विधायक रईस शेख ने शांतिनगर की सभा में प्रभावित लोगों को 600 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद लाने का दावा किया था, तो नागपुर में चल रहे शीतकालीन सत्र में वे मुआवजे की मांग क्यों कर रहे थे। इससे क्षेत्र के लोगों में भ्रम और नाराजगी बढ़ गई है।व्यापारियों ने बताया कि कल्याण रोड पर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वे पहले ही तीन बार अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा गंवा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार का मुआवजा या सरकारी सहायता नहीं मिली। उनका कहना है कि जो थोड़ा-बहुत हिस्सा बचा है, उसी पर वे अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं। पालिका द्वारा प्रस्तावित छह मीटर अतिरिक्त तोड़क कार्रवाई से उनकी आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पालिका प्रशासन से अपील की है कि जब तक उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक किसी भी तरह की नई तोड़क कार्रवाई न की जाए। विरोध प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


रिपोर्टर