अतिक्रमण हटाओ अभियान तहत सड़क को किया गया साफ

संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

भभुआं(कैमूर)-- अनुमंडल के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान हाटा से पटना रोड तक सड़क के दोनों किनारों पर फैले अवैध दुकानों एवं ठेलों को हटाने के उद्देश्य से चलाया गया। लंबे समय से सड़क पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

इस अभियान का नेतृत्व चैनपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा नगर पंचायत हाटा के कार्यपालक अभियंता द्वारा किया गया। अभियान के दौरान चैनपुर प्रशासन के साथ-साथ जिले की भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। प्रशासन ने पहले ही दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, इसके बावजूद सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए दुकानों को जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की मदद से हटाया गया।

अतिक्रमण हटाए जाने के बाद हाटा से पटना रोड को पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिससे सड़क चौड़ी हुई और यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों से अपील की गई कि वे नियमों का पालन करें और सड़क पर अवैध रूप से दुकान न लगाएं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट