बेटी को मोबाइल देने का विरोध करने पर पिता की गला रेतकर हत्या, एक नामजद आरोपी गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदिप कुमार

कैमूर-- जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के उदयरामपुर गांव में बीते अक्टूबर माह में हुई समर राजभर (46 वर्ष) की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस हत्याकांड के तीन नामजद अभियुक्तों में से एक, सेवा राजभर को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड के पीछे की वजह मृतक की पुत्री को मोबाइल देने और उससे बातचीत करने का विवाद बताया जा रहा है। घटनाक्रम के अनुसार, उदयरामपुर निवासी रामबिलास राजभर का पुत्र समर राजभर बीते 8 अक्टूबर 2024 की रात घर से अपनी गुमशुदा भैंस को खोजने के लिए निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तीन दिनों के बाद, 11 अक्टूबर 2024 को अमवावाली ढाब के पास एक नाले से समर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। अपराधियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। इस मामले में मृतक के पिता रामबिलास राजभर के बयान पर चैनपुर थाने में कांड संख्या 375/24 दर्ज की गई थी, जिसमें सेवा राजभर, जयनाथ राजभर और धर्मु राजभर को नामजद आरोपी बनाया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी धर्मु राजभर मृतक की पुत्री से बातचीत करता था और उसने उसे एक मोबाइल फोन भी दिया था। समर राजभर इस बात का लगातार विरोध कर रहे थे, इसी रंजिश के कारण आरोपियों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। बीते रात चैनपुर थानाध्यक्ष को आरोपी सेवा राजभर की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, मामले के अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट