भिवंडी में कांग्रेस के टिकट वितरण को लेकर विवाद

महिला अध्यक्ष ने शहर अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप


"टिकट चोर - गद्दी छोड़" का लगाया नारा 


भिवंडी। भिवंडी में कांग्रेस पार्टी के टिकट वितरण को लेकर विवाद सामने आया है। कांग्रेस की महिला अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता रेहाना अंसारी ने शहर अध्यक्ष एडवोकेट रशीद ताहिर पर टिकट चोरी कर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी के स्थानीय कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

रेहाना अंसारी ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में "वोट चोर गद्दी छोड़ो" का नारा देते हैं, उसी तरह भिवंडी में कांग्रेस पार्टी का टिकट चोरी हुआ है। उन्होंने कहा कि वह भिवंडी की स्थानीय नागरिक और कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ कार्यकर्ता होने के नाते यह नारा देती हैं कि भिवंडी में कांग्रेस का टिकट चोरी हुआ है और इसके लिए "टिकट चोर गद्दी छोड़ो" कहा जाना चाहिए।

रेहाना अंसारी के अनुसार, उन्हें रात के समय पार्टी कार्यालय से फोन आया था। फोन पर बताया गया कि वार्ड नंबर 5 से बी-फॉर्म तैयार करना है और चयनित उम्मीदवारों की सूची का फोटो भेजने को कहा गया। उन्होंने निर्देश के अनुसार सूची का फोटो भेजा, लेकिन इसके बाद अचानक उनका टिकट काट दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह पहले पूर्व सांसद सुरेश टावरे के बेटे का टिकट कटवाया गया था, उसी तरह वर्तमान शहर अध्यक्ष एडवोकेट रशीद ताहिर ने उनकी भी टिकट कटवा दी। उनका कहना है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया है। रेहाना अंसारी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में कुछ लोग निजी स्वार्थ के चलते टिकटों की खरीद-फरोख्त किया गया। जिससे जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस पार्टी की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।टिकट विवाद के चलते भिवंडी कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इस विवाद का समाधान नहीं किया गया, तो इसका असर आगामी चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पड़ सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट