भिवंडी मनपा चुनाव में निर्विरोध चुने गए भाजपा के सुमित पाटिल, जीत की हैट्रिक
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 01, 2026
- 101 views
भिवंडी। भिवंडी मनपा चुनाव में प्रभाग क्रमांक 17 बी से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुमित पाटिल निर्विरोध नगरसेवक चुने गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाई है। भिवंडी महानगरपालिका के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कोई पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। निर्विरोध निर्वाचन की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवनिर्वाचित पार्षद सुमित पाटिल को फोन कर बधाई दी। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल और विधायक महेश चौघुले ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
भिवंडी के पद्यमानगर क्षेत्र स्थित प्रभाग क्रमांक 17 बी से भाजपा-शिवसेना गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में सुमित पाटिल ने नामांकन दाखिल किया था। इस वार्ड से कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे थे, जिनमें से दो के नामांकन पत्र जांच के दौरान अमान्य घोषित कर दिए गए। शेष तीन उम्मीदवारों ने नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद सुमित पाटिल की निर्विरोध जीत सुनिश्चित हो गई।इससे पहले सुमित पाटिल दो बार अनुमोदित सदस्य और पार्षद के रूप में चुने जा चुके हैं। इस बार लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर उन्होंने हैट्रिक लगाते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल ने कहा कि पद्यमानगर की जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसी के कारण यह निर्विरोध विजय संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि पिछले मनपा चुनाव में भाजपा ने 20 और शिवसेना ने 11 सीटें जीती थीं। उनके अनुसार, बीते आठ वर्षों में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती बढ़ी है और आगामी चुनाव में गठबंधन को और अधिक सीटें मिलने की संभावना है।


रिपोर्टर