भिवंडी मनपा चुनाव: मतपेटियों की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे मजबूत स्ट्रांग रूम, कड़े इंतजाम
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 03, 2026
- 132 views
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका चुनाव को लेकर मनपा प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। 15 जनवरी 2026 को होने वाले चुनाव के मद्देनजर शहर के विभिन्न हिस्सों में सात क्षेत्रीय चुनाव कार्यालय स्थापित किए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, इन कार्यालयों में मतपेटियों की सुरक्षा के लिए विशेष स्ट्रांग रूम बनाए जा रहे हैं, जहां मतगणना भी संपन्न होगी।चुनाव अधिकारी एवं आयुक्त अनमोल सागर ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत सभी क्षेत्रीय चुनाव कार्यालयों में चुनाव निर्णय अधिकारियों, अन्य पदाधिकारियों और सहायक अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक कार्यालय में ईवीएम मशीनों के बक्सों के लिए अलग और सुरक्षित स्ट्रांग रूम तैयार किया जा रहा है।मनपा चुनाव के लिए मिल्लतनगर स्थित फरहान खान हॉल, भदवाड़ संपदा नाइक हॉल, कामतघर के वराला देवी माता हॉल, अल्लाज शाह मोहम्मद हॉल तथा कोम्बडपाड़ा के राजय्या गजेंगी हॉल सहित कुल सात स्थानों पर क्षेत्रीय चुनाव कार्यालय बनाए गए हैं। मनपा के 23 निर्वाचन क्षेत्रों में से आरओ-3 और आरओ-4 कार्यालयों के अंतर्गत चार-चार वार्ड शामिल हैं, जबकि शेष पांच क्षेत्रीय कार्यालयों में तीन-तीन वार्ड आते हैं।चुनाव अधिकारियों ने बताया कि सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में स्ट्रांग रूम ईंट और सीमेंट की मजबूत दीवारों से तीन तरफ से पूरी तरह बंद किए जा रहे हैं। प्रवेश के लिए केवल एक ही मार्ग रखा जाएगा। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों के बक्से रखने के पश्चात स्ट्रांग रूम को सभी की उपस्थिति में सील किया जाएगा। इसके चारों ओर कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी।मिल्लतनगर स्थित फरहान खान हॉल की पहली मंजिल पर ईवीएम मशीनों के बक्सों के लिए सीमेंट की दीवारों वाला स्ट्रांग रूम तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है, वहीं अन्य हिस्सों को भी सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह बंद किया जा रहा है।भिवंडी मनपा चुनाव 15 जनवरी 2026 को संपन्न होगा, जबकि मतगणना अगले दिन शुक्रवार 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से संबंधित क्षेत्रीय चुनाव कार्यालयों में की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र के बाहर पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।अधिकारियों के अनुसार, यह चुनाव नए मतदाताओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण और आकर्षक रहेगा, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का नया अनुभव प्राप्त होगा।


रिपोर्टर