भिवंडी में ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में आई बड़ी गिरावट, लोगों में बढ़ी यातायात जागरूकता

भिवंडी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई में भिवंडी में इस वर्ष उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में ड्रिंक एंड ड्राइव के केवल 63 मामले सामने आए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 92 थी। वहीं वर्ष 2024 में पुलिस ने 182 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। आंकड़े यह संकेत देते हैं कि शहर में यातायात नियमों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशिकांत बोराटे के निर्देश पर नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत भिवंडी के सभी छह पुलिस स्टेशनों की टीमों ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर शिवाजी चौक, बंजार पट्टीनाका, कल्याण नाका, धामणकर नाका, वराला देवी तालाब, कारिवली नाका, अंजूर फाटा, राजनौली नाका और सार्डा बाबा नाका सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर नाकाबंदी कर जांच की।अभियान के दौरान नारपोली ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं कल्याण नाका ट्रैफिक पुलिस ने 20 वाहनों को जब्त किया, जबकि कोनगांव ट्रैफिक पुलिस ने 16 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग ने अनोखा तरीका अपनाया। कल्याण नाका पर एक पुलिसकर्मी को ‘यमराज’ के वेश में तैनात किया गया, जो वाहन चालकों को रोककर नियमों का पालन करने का संदेश देता नजर आया।डीसीपी शशिकांत बोराटे ने बताया कि समाज में शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने 31 दिसंबर की रात नए साल का स्वागत शांतिपूर्ण ढंग से करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और रेसिंग से बचने की अपील की थी। इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए गए इन अभियानों का सकारात्मक असर देखने को मिला है, जिसके चलते इस वर्ष ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट