भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका चुनाव में 90 वार्डों के लिए 439 उम्मीदवार मैदान में
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 03, 2026
- 169 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के 90 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच और नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद अब चुनावी मैदान में कुल 439 उम्मीदवार शेष रह गए हैं। मतदान 15 जनवरी को कराया जाएगा, जबकि 16 जनवरी को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुल 1033 उम्मीदवारों ने नामांकन अर्ज दाखिल किए थे। जांच के दौरान 74 उम्मीदवारों के नामांकन अर्ज अवैध पाए गए, जिसके बाद 959 नामांकन पत्रों को वैध घोषित किया गया। हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने एक से अधिक वार्डों से नामांकन अर्ज दाखिल किया था। ऐसे उम्मीदवारों की संख्या 722 बताई गई है।नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि पर 283 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन अर्ज वापस ले लिए। इसके बाद अब 90 वार्डों के लिए कुल 439 उम्मीदवार अंतिम रूप से चुनावी रण में बने हुए हैं। हर वार्ड में उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने-अपने प्रचार अभियान तेज कर दिए हैं। चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जाएगी। भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें 15 जनवरी को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जिसके बाद 16 जनवरी को मतगणना के जरिए यह साफ हो जाएगा कि जनता ने नगर प्रशासन की कमान किसे सौंपी है।


रिपोर्टर