अवैध गुटखा तस्करी पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

भिवंडी में 54.99 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार


भिवंडी। भिवंडी क्राइम ब्रांच ने अवैध गुटखा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिवंडी में करीब 54 लाख 99 हजार रुपये कीमत का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भिवंडी शहर के अंतर्गत की गई।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 भिवंडी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो टेम्पो वाहनों के माध्यम से प्रतिबंधित गुटखा अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक शीतल राजत के मार्गदर्शन में टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध टेम्पो को रोका। जांच के दौरान टेम्पो क्रमांक एमएच-04-एल आई-3391, डी डी 01 एफ 9102 और एमएच-04-एल आई-3910 की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। जब्त किए गए गुटखे की कुल कीमत 54.99 लाख रुपये बताई गई है। जबकि तीनों टेपों मिलाकर 77,99 लाख रूपये का मुद्दे माल जब्त किया गया। मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिनसे आगे की पूछताछ जारी है।

इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस थाने में  मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, संबंधित सरकारी आदेशों के उल्लंघन और भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त किया गया गुटखा महाराष्ट्र में प्रतिबंधित है और इसे अन्य जिलों में सप्लाई करने की तैयारी थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। यह कार्रवाई ठाणे पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से अवैध गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट