भिवंडी में पिता ने बेटे और बहू के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

जबरन ताला तोड़कर मकान पर कब्जे और जान से मारने की धमकी का आरोप


भिवंडी। शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटे और बहू के खिलाफ मकान का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, दीवान शाह दरगाह रोड स्थित हाजीनगर निवासी और दूध डेयरी का व्यवसाय करने वाले मोहम्मद अकबर कल्लू अंसारी (60) ने भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में बताया है कि उनके बेटे अख्तर अली मोहम्मद अकबर अंसारी और बहू शालियाबानो अख्तर अंसारी ने बिना किसी कानूनी अधिकार के उनके मकान में जबरन प्रवेश किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह घटना 2 जनवरी की रात करीब 12 बजे की है, जब बेटे ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। आरोप है कि जब पिता ने इसका विरोध किया तो बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जबकि बहू ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पिता ने शिकायत में यह भी बताया है कि इन घटनाओं के बाद से वह गंभीर मानसिक तनाव में हैं और उन्हें अपने जीवन को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। इसके बाद उन्होंने 4 जनवरी को भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचकर बेटे और बहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 329(3), 329(4), 351, 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कराया। भोईवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पिता द्वारा अपने ही बेटे और बहू पर लगाए गए गंभीर आरोपों के चलते यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट