जन प्रयास सेवा समिति ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

बंधवा बाजार, जौनपुर। स्थानीय बंधवा बाजार में जन प्रयास सेवा समिति के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती हर्षोल्लास एवं सेवा भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मछलीशहर की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह ‘अन्ना’ उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि नेताजी का सपना केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं था, बल्कि वे हर भारतीय को मन से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज भी नेताजी के विचार देश को नई दिशा देने में सक्षम हैं। क्षेत्रीय विकास की चर्चा करते हुए विधायक ने बताया कि मछलीशहर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आमजन को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह ‘अन्ना’ ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और आज समाज के शोषित व वंचित वर्ग की सेवा करना ही सच्ची देशभक्ति है। इस अवसर पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए समिति द्वारा सैकड़ों महिलाओं को स्वेटर व टोपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पूर्व सैनिकों का सम्मान रहा, जिन्हें राष्ट्र सेवा के लिए नेताजी की तस्वीर व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समिति द्वारा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर का भी अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. विकास पाल, सरस्वती पाल, बसंत लाल जैसवारा, यज्ञनारायण गुप्ता, योगेन्द्र सिंह, राजेश यादव, जगन्नाथ यादव, हनुमंत पांडे, सत्य प्रकाश ‘गुड्डू’ नेता, पूर्णिमा गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट