हलीम अली हत्याकांड का मुख्य आरोपी विक्की पासवान हिमाचल के बद्दी से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- हलीम अली हत्याकांड में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपी विक्की पासवान को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी विक्की पासवान, मोहनिया थाना क्षेत्र के पासवान टोला निवासी राम मूरत पासवान का पुत्र है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बता दें कि यह सनसनीखेज वारदात मोहनिया थाना से महज कुछ ही दूरी पर वार्ड नंबर 12 की एक गली में घटित हुई थी।मृतक हलीम अली (28 वर्ष), जो कि वार्ड नंबर 9 का निवासी और खुर्शीद गद्दी का पुत्र था, दोपहर के समय अपनी बाइक से अपने बड़े भाई की बेटी को स्कूल से लेने जा रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था और परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर एनएच-19 को भी जाम किया था।

हत्याकांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। कैमूर एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम और तकनीकी सेल की मदद से पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी विक्की पासवान हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस की एक टीम ने बद्दी में दबिश दी और उसे धर दबोचा।

मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि हलीम अली हत्याकांड पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को दूसरे राज्य से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल विक्की पासवान को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट