एनएच-19 पर पुलिस ने खदेड़कर पकड़ी शराब लदी लग्जरी कार, 121 लीटर शराब जब्त

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर -- दुर्गावती थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और गश्ती के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 01:00 बजे दुर्गावती थाना पुलिस की टीम नेशनल हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान करणपुरा गांव के समीप एक संदिग्ध लग्जरी कार आती दिखी। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे खदेड़कर पकड़ लिया। इस भाग-दौड़ के दौरान तस्कर की कार अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त भी हो गई।

जब पुलिस ने वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर UP11R6021) की सघन तलाशी ली, तो उसके अंदर से कुल 121 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब की खेप और लग्जरी कार को जब्त कर लिया।

मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के उसरी गांव निवासी दंगल पासवान के पुत्र पवन कुमार के रूप में की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान यह सफलता मिली है। पुलिस ने मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट