सचिवालय भवन के कमरे में रखे ड्रम से मिला चार वर्षीय मासूम का शव, गांव में मातम
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jan 31, 2026
- 240 views
बरसठी (जौनपुर)। रामपुर थाना क्षेत्र के भगेरी गांव में शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम पंचायत सचिवालय भवन के एक कमरे में रखे ड्रम से चार वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान ओम यादव (4) पुत्र बृजेश यादव के रूप में हुई है। हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, ओम यादव शुक्रवार दोपहर घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक लापता हो गया। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने रामपुर थाने में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में सघन तलाश अभियान शुरू किया गया।
कई घंटे की खोजबीन के बाद देर शाम ग्राम पंचायत सचिवालय भवन के एक कमरे में रखे ड्रम को खोलने पर मासूम का शव बरामद हुआ। बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही सचिवालय भवन के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के पिता बृजेश यादव सूरत स्थित एक बैग निर्माण कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में दो पुत्र हैं, जिनमें ओम सबसे छोटा था। घटना के बाद से मां फोटो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों का शोक देख गांव का हर व्यक्ति गमगीन नजर आया।
परिजनों की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी गई है, जिसमें बच्चे की मौत को लेकर गंभीर आशंका जताई गई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने कहा कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना के बाद भगेरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।


रिपोर्टर