तस्करों के आगे बेबस मोहनिया पुलिस! समहूता मोड़ पर 'माल' छोड़ चकमा देकर फरार हुआ तस्कर, हाथ मलती रह गई खाकी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 07, 2026
- 185 views
रिपोर्ट संदिप कुमर
पुलिस को गच्चा दे शराब तस्कर फरार, समहूता मोड़ पर धरी रह गई प्रशासन की घेराबंदी
कैमूर :- बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लागू हुए सालों बीत गए, लेकिन कैमूर जिले में शराब तस्करों के हौसले आज भी बुलंद हैं। पुलिस की सुस्ती और तस्करों की फुर्ती का एक और ताजा उदाहरण मोहनिया थाना क्षेत्र के समहूता मोड़ पर देखने को मिला। जहाँ पुलिस ने शराब और बाइक तो जब्त कर ली, लेकिन मुख्य अभियुक्त पुलिस को ठेंगा दिखाकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।
बरामदगी के नाम पर महज खानापूर्ति!
मिली जानकारी के अनुसार, मोहनिया पुलिस ने समहूता मोड़ के पास छापेमारी कर एक TVS स्टार मोटरसाइकिल को जब्त किया। बाइक की तलाशी लेने पर उस पर लदी 26 लीटर 'ब्लू लाइम' देशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब 200ml के 130 टेट्रा पैक में थी। हालांकि, जैसे ही पुलिस मौके पर पहुँची, तस्कर अपनी बाइक और शराब छोड़कर भाग निकला। अब सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस की दबिश इतनी कमजोर थी कि तस्कर को भागने का पूरा मौका मिल गया?
पुलिस की रणनीति पर उठ रहे सवाल
क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर हर बार तस्कर पुलिस को चकमा देने में कैसे सफल हो जाते हैं? समहूता मोड़ से तस्कर का भाग जाना पुलिस के सूचना तंत्र और घेराबंदी की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस केवल शराब और वाहन जब्त कर अपनी पीठ थपथपा लेती है, जबकि तस्करी के असली धंधेबाज हमेशा सुरक्षित बच निकलते हैं। इस मामले में मोहनिया पुलिस का कहना है कि अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और बाइक के नंबर के जरिए उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। लेकिन हकीकत यह है कि जब तक तस्करों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शराब के अवैध कारोबार पर लगाम लगाना नामुमकिन है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है। तस्करों को पुलिस के आने की भनक पहले ही लग जाती है, जिससे वे आसानी से फरार हो जाते हैं। पुलिस का हाथ खाली रह जाना और केवल शराब की बरामदगी दिखाना अब एक 'रूटीन' बन गया है, जिससे प्रशासन की साख पर बट्टा लग रहा है।


रिपोर्टर