बरसठी थाने में बाल विवाह व महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता गोष्ठी आयोजित
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 09, 2026
- 287 views
बरसठी, जौनपुर। जिला प्रोवेशन कार्यालय जौनपुर की टीम एवं प्रभारी निरीक्षक बरसठी के संयुक्त तत्वावधान में थाना परिसर में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में महिलाओं, बालिकाओं एवं पुरुषों को बाल विवाह, महिला उत्पीड़न, महिला अपराध तथा साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह समाज के लिए गंभीर अभिशाप है, जिससे बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही महिला सुरक्षा कानूनों एवं साइबर अपराध से बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की घटना या बाल विवाह की सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों एवं ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा दें और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बाल विवाह जैसी कुप्रथा से दूर रहें। यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते इसे रोका जा सके।
उन्होंने महिला उत्पीड़न के संबंध में कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या छेड़छाड़ दंडनीय अपराध है। ऐसी घटनाओं से पीड़ित महिलाएं बिना डर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।। गोष्ठी में उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने, महिला सुरक्षा बढ़ाने तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान सुषमा देवी (पदमपुर), सुरेश गौतम (गोपालपुर), निर्मला देवी (सोतीपुर) सहित अन्य संभ्रांत नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


रिपोर्टर