डीएम ने डेहरी प्रखंड कार्यालय का किया गया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Feb 11, 2026
- 3 views
निरिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर संचालित प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।
रोहतास। बुधवार को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह द्वारा डेहरी प्रखंड कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर संचालित प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर नागरिक सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागीय कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निष्पादित किए जाएं।
जिला पदाधिकारी ने कार्यालय परिसर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें डेहरी प्रखंड एवं अंचल से संबंधित विकासात्मक एवं प्रशासनिक कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में नल-जल योजना, परिमार्जन एवं पेयजल समस्या जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग को महिला प्रसव से संबंधित सेवाओं में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, श्रम संसाधन, पंचायती राज, ग्रामीण विकास तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। शिक्षा विभाग के स्टॉल पर छात्रों के रचनात्मक प्रयासों की विशेष सराहना की गई।
प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका सामुदायिक पुस्तकालय सह कैरियर विकास केंद्र एवं जिम सेंटर का उद्घाटन भी जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां अब शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।
जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री विशेष शिविर का निरीक्षण करते हुए किसानों से अनिवार्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने की अपील की, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि सब्सिडी एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी एवं किसानों को सीधे योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।
जिला पदाधिकारी ने महिला साक्षरता केंद्र का करते हुए महिलाओं से संवाद किया। कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण की मजबूत नींव है तथा यह पहल महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर