सिटी जोन मोबाइल शोरूम में सेंधमारी का खुलासा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 12, 2026
- 2 views
40 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन
दीवार तोड़कर 23 लाख से ज्यादा की चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जले हुए सबूतों समेत लाखों का माल बरामद
भिवंडी। शांतिनगर पुलिस ने मोबाइल शोरूम में हुई हाईप्रोफाइल सेंधमारी का महज 40 घंटे में पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोपालनगर स्थित “सिटी जॉन” मोबाइल और एक्सेसरीज़ दुकान में 6 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर प्रवेश किया और महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए थे। चोरी की कुल कीमत करीब 23 लाख 45 हजार 992 रुपये बताई गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही शांतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आजाद नगर शांतिनगर निवासी साहिद मोहम्मद उर्फ दंबग जफरूद्दीन अंसारी (20) और उजेर अहमद इस्लाहुर रहमान खान (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के 108 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित कुल 16,77,407 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए करीब 6,68,587 रुपये कीमत के मोबाइल फोन, चार्जर और केबल आदि जलाने की कोशिश की थी, जिनके अवशेष भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे (परिमंडल-2), सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड के मार्गदर्शन में की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल, अतुल अडुरकर, सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर, सहायक पुलिस उप निरीक्षक संतोष मोरे सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और चोरी में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोहों पर लगाम कसने की उम्मीद जताई जा रही है।


रिपोर्टर