भगवानपुर प्रखंड के रामगढ़ गांव में श्री राम कथा का आयोजन

अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 


कैमूर (भगवानपुर)-  भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत रामगढ़ पंचायत में भव्य राम कथा महायज्ञ का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत आज रामगढ़ यज्ञ स्थल से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा और चारों ओर भगवान श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे।

यह कलश यात्रा रामगढ़ यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर स्वर्ण नदी तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पवित्र जल उठाया गया। इसके बाद श्रद्धालु कलश में जल भरकर भक्ति भाव के साथ पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे। इस दौरान यात्रा में शामिल महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे मार्ग में भक्ति गीत गाए, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक हो गया।

कलश यात्रा के दौरान रथ, डीजे और भक्ति संगीत के साथ जुलूस पूरे गांव में भ्रमण करता रहा। श्रद्धालु नाचते-गाते भगवान श्रीराम के नाम का कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। गांव के सभी वर्गों के लोगों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे यह आयोजन एक भव्य जनआस्था का रूप लेता नजर आया।


इस अवसर पर श्री रामचरितमानस नवाह पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है। साथ ही प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक राम कथा का प्रवचन होगा। इस पावन कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित विश्वकांता आचार्य जी महाराज द्वारा किया जाएगा, जो वृंदावन धाम से विशेष रूप से इस आयोजन में पधारे हैं। उनके मुखारविंद से भगवान श्रीराम की पावन कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में राम कथा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कमेटी के अध्यक्ष मनीष सिंह यादव, उपाध्यक्ष चंदन तिवारी, सचिन राजू सिंह कुशवाहा, कोषाध्यक्ष उपेंद्र महाजन तथा यज्ञ के जजमान बबलू तिवारी, जो रामगढ़ के पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं, सभी मिलकर इस कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट