जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, एडीएम ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 17, 2026
- 16 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-- 17 मार्च 2026 जिले में रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता को लेकर फैली असमंजस की स्थिति पर प्रशासन ने विराम लगा दिया है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देशानुसार, आज अपर समाहर्ता (ADM) श्री मेधावी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति की पुष्टि की।
आंकड़ों की जुबानी: निर्बाध जारी है आपूर्ति
एडीएम श्री मेधावी ने बताया कि जिले में कुल 20 गैस एजेंसियां (भारत गैस: 5, हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 3, और इंडियन गैस: 12) सक्रिय हैं। संबंधित तेल कंपनियों द्वारा इन सभी केंद्रों पर नियमित रूप से सिलेंडर भेजे जा रहे हैं।
बिक्री का ब्यौरा: पिछले दो महीनों में जिले में कुल 73,000 सिलेंडरों की खपत हुई है।
ताजा स्थिति: चालू माह (मार्च) में आज 17 मार्च तक ही 36,527 उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
बुकिंग और डिलीवरी के नियम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस रिफिल की बुकिंग के लिए सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा का पालन करना अनिवार्य है:
शहरी क्षेत्र: 25 दिनों के अंतराल पर अगली बुकिंग।
ग्रामीण क्षेत्र: 45 दिनों के अंतराल पर अगली बुकिंग।
अधिकारियों ने कहा कि बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने या घबराने की आवश्यकता नहीं है।
समस्या होने पर यहाँ करें संपर्क
यदि किसी उपभोक्ता को सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है या कोई शिकायत है, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
06222-257060
06222-257061


रिपोर्टर