नवरात्रि के प्रथम दिन मुंडेश्वरी धाम में उमड़ी आस्था की भीड़, सुबह से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 19, 2026
- 79 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:- चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन कैमूर जिले के विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार सुबह से ही हजारों भक्त माता के दर्शन के लिए पंवरा पहाड़ी स्थित मंदिर पहुंचने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। सुबह कलश स्थापना के साथ नवरात्रि की शुरुआत हुई और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग गई थीं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, पहले दिन करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई गई थी, जिसे देखते हुए व्यापक व्यवस्था की गई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, अलग-अलग कतारों की व्यवस्था तथा मेडिकल टीम की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। नवरात्रि के अवसर पर मुंडेश्वरी धाम में बिहार ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह सिलसिला पूरे नौ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इधर, नवरात्रि को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, फूल-माला, नारियल और चुनरी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन करें, ताकि सभी को सुगमता से मां के दर्शन का लाभ मिल सके।


रिपोर्टर