भाईचारे का संदेश: शिवहर में अमन-चैन के साथ मनाई गई ईद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 21, 2026
- 54 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-- भाईचारे का प्रतीक ईद पर्व शनिवार को जिले भर में हर्षोल्लास और शांति के वातावरण में मनाया गया। सुबह होते ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सैकड़ों-हजारों हाथ खुदा की बंदगी में उठे।
लोगों ने नमाज अदा कर अपने परिवार, समाज और मुल्क की सलामती के लिए अल्लाह ताला से दुआ मांगी।
जिले के लचकापुल, इस्लामपुर टोला, गढ़वा, गड़हियां, परसौनी तैयब, खोर्ठा, बेलाही दुल्ल, रामबन, हिरौता, हिरम्मा, रामपुरकेशो, मेसौढ़ा, हटा, चमनपुर समेत सभी प्रमुख इबादतगाहों पर निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
ईद पर्व को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा स्वयं पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले के एक सौ से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी।
त्योहार के अवसर पर स्थानों पर मेले का आयोजन भी किया गया, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने चाट, पकौड़े और आइसक्रीम का आनंद उठाते हुए पर्व की खुशियों को साझा किया। पूरे जिले में आपसी सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने ईद के असली संदेश को और भी मजबूत किया।लचकापुल स्थित ईदगाह पर वरीय उप समहर्ता,दिक्षा भगत, सदर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी सहित दंडाधिकारी व पुलिस बल मौजूद थे।


रिपोर्टर