पति की हत्या के सदमे में पत्नी ने बच्चों संग जहर खाया।


रोहतास ।जिले के सासाराम में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीनी विवाद में पति की बेरहमी से हत्या के बाद उसकी पत्नी ने मानसिक तनाव में आकर अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, रेशमा खातून ने अपने बच्चों तैयबा खातून और हमजद के साथ घर का दरवाजा बंद कर जहर खा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर तीनों अचेत मिले। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति में वाराणसी रेफर किया गया है।


जमीन विवाद में हुई थी पति की हत्या बताया जा रहा है कि रेशमा के पति हसन राजा की 24 मार्च को सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें हमलावर उन्हें बांधकर सड़क पर घसीटते दिखे थे। इस घटना के बाद से ही रेशमा गहरे सदमे में थी।

घटना के बाद गांव में गुस्सा और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर सख्त कार्रवाई होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। पुलिस ने हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट