कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ढाबली कला गौशाला का किया निरीक्षण
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Apr 04, 2026
- 70 views
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
खिलचीपुर । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा शनिवार को खिलचीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ढाबली कला स्थित गौशाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला परिसर में संचालित प्राकृतिक खेती से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने यहां संचालित बी.आर.सी. के अंतर्गत जैविक खाद एवं जैविक दवाई निर्माण इकाई का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंद पड़ी यूनिट को शीघ्र क्रियाशील किया जाए, ताकि किसानों को जैविक उत्पादों का लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए इस केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को इस केंद्र से जैविक खाद एवं जैविक दवाइयां लेने हेतु प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही किसानों के लिए नियमित संगोष्ठियों का आयोजन कर उन्हें प्राकृतिक खेती के लाभों एवं उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला में संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए इसे एक मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे क्षेत्र के किसानों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके।


रिपोर्टर