नगर परिषद नोखा में विभागीय कार्य को लेकर उठे सवाल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 04, 2026
- 5 views
रोहतास।नोखा नगर पंचायत से लेकर नगर परिषद होने तक से विभागीय कार्य के नाम पर भारी अनियमितता बरती गई। जहां नगर परिषद के बोर्ड से बहाल कनीय अभियंता अंकुर गगन को दर्जनों काम का अभिकर्ता बनाया गया है। मजे की बात है कि इन योजनाओं का प्राक्कलन तैयार करने से लेकर काम समाप्ति के बाद इसकी मापी पुस्त यानी एमबी तैयार करने का जिम्मा भी इसी जेई को दिया गया। गौरतलब है कि नगर परिषद में विभाग से प्रतिनियुक्त चार कर्मी पहले से मौजूद हैं। बावजूद बोर्ड की ओर से कार्यों को देखने के लिए बहाल जेई को विभागीय योजनाओं का अभिकर्ता बनाया जाना समझ से परे है। नगर विकास एवं आवास विभाग का कहना है कि पन्द्रह लाख से नीचे का कार्य ओपन टेन्डर के जरिए किया जाना चाहिए, वहां भी नियमों को खंडित कर विभागीय स्तर से अभिलेख खोलकर कार्य कराए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि लगभग बारह फीट तक चौड़ी सड़कों का निर्माण भी दो-तीन हिस्सों में विभक्त कर विभागीय स्तर से करवाया जा रहा है। इतना ही नहीं कुछ नालों की लम्बाई को खंडित कर पार्ट वाइज निर्माण करवाया जा रहा है ताकि प्रत्येक हिस्से का प्राक्कलन 15 लाख रूपये से नीचे का बनवा कर विभागीय कार्यों की शक्ल दी जा सके। इनमें से अधिकांश कार्यों का अभिकर्ता जेई अंकुर गगन को बनाया गया है। 15 लाख रूपये से नीचे के कार्यों को विभागीय स्तर से कराने के लिए जारी विभागीय पत्र का जमकर दुरूपयोग किया गया है। पत्र के बहाने ओपन निविदा के काम लगभग थम गए हैं। हाल में ही रद्द हुई एक निविदा प्रक्रिया इसके ताजा उदाहरण हैं। इस निविदा प्रक्रिया पर जब सवाल उठाकर संवेदको ने जगह-जगह आवेदन देना शुरू किया तो आननफानन में इसे रद्द करते हुए फिर से फ्रेश निविदा आमंत्रित करने को कहा जा रहा है।


रिपोर्टर