भिवंडी में डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 10, 2026
- 40 views
28 फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण
भिवंडी। देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से होने जा रही जनगणना 2027 को लेकर भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका ने कमर कस ली है। प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और प्रारंभिक चरण में फील्ड स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। महानगरपालिका आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अनमोल सागर और अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के मार्गदर्शन में इस महत्वाकांक्षी अभियान का सूक्ष्म नियोजन किया गया है। इसी कड़ी में 6 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 के बीच मनपा की नई प्रशासनिक इमारत में 28 फील्ड ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त एवं शहर जनगणना अधिकारी विक्रम दराडे, सहायक आयुक्त नितीन पाटिल, जनगणना विभाग प्रमुख माणिक जाधव और समन्वय अधिकारी सुभाष पार्टे मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनर्स अजय ठाकुर और सहायक संचालक (जनगणना) प्रो. अजित भोईर ने प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल जनगणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के पहले चरण, यानी घर सूचीकरण और घरगणना पर विशेष ध्यान दिया गया। इस बार कागजी फॉर्म की जगह सीएमएमएस पोर्टल और एचएलबीसी ऐप के जरिए डेटा एकत्र किया जाएगा। फील्ड ट्रेनर्स को इन डिजिटल माध्यमों का तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षित 28 फील्ड ट्रेनर्स अब 27 अप्रैल से 8 मई 2026 के बीच लगभग 1650 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जो शहर के पांच चार्ज क्षेत्रों में जनगणना का कार्य संभालेंगे। इस बार जनगणना में नागरिकों को भी बड़ी सुविधा दी गई है। पहली बार “स्व-गणना” यानी सेल्फ एन्यूमरेशन का विकल्प दिया गया है। नागरिक 1 मई से 15 मई 2026 के बीच सरकारी वेब पोर्टल पर लॉगइन कर अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। वहीं, जमीनी स्तर पर घर-घर जाकर जनगणना का पहला चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक चलाया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि डिजिटल प्रणाली के जरिए इस बार जनगणना अधिक पारदर्शी, सटीक और तेज होगी।


रिपोर्टर