श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा का भव्य स्वागत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 11, 2026
- 1 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डिहरी आनसोन रोहतास।जिले के बस्तीपुर स्थित आर एस के पब्लिक स्कूल में दिव्य प्रेम का शाश्वत संदेश लेकर श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा का भव्य आगमन हुआ। इस पावन अवसर पर स्कूल के निदेशक आनंद सिंह एवं उनकी पत्नी गिन्नी सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने रथ यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से आरती-पूजन किया गया तथा भंडारा का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निदेशक आनंद सिंह ने कहा कि श्री सत्य साईं का मिशन मानवता को प्रेम, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, “केवल प्रेम ही सभी में छिपी दिव्यता को प्रकट कर सकता है। प्रेम ही ईश्वर है और प्रेम से ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रेम का वास्तविक अर्थ है देना और क्षमा करना, जबकि स्वार्थ केवल पाने और भूल जाने की प्रवृत्ति है।
उन्होंने सभी धर्मों के प्रति सम्मान और आदर रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी धर्म एक ही ईश्वर तक पहुँचने का मार्ग दिखाते हैं। धर्म कभी संघर्ष का कारण नहीं होता, बल्कि संकीर्ण सोच और अलग-अलग विचार रखने वालों के प्रति घृणा ही असली समस्या है।
कार्यक्रम में अनुमंडल विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष मनोज अज्ञानी, सोन राइजिंग स्कूल के निदेशक प्रशांत सिंह, डीपीएस स्कूल के निदेशक समरेंद्र कुमार समीर, श्री अरविंद एकेडमी के प्राचार्य अरविंद भारती, सतीश सिंह, राजाराम पासवान, बादल गुरु सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
छह दिवसीय इस यात्रा के संबंध में रोहतास जिला अध्यक्ष विकास खत्री ने बताया कि रथ यात्रा में लगभग 60 महिला एवं पुरुष शामिल हैं। श्री सत्य साईं के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित आराधना महोत्सव के तहत यह रथ आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी से उत्तर भारत की ओर निकला है और पूरे देश में प्रेम, एकता एवं मानवता का संदेश फैला रहा है।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मूल संदेश है—“मानवता ही एकमात्र जाति है, हृदय की भाषा ही सच्ची भाषा है, प्रेम ही सच्चा धर्म है और ईश्वर सर्वव्यापी है।”


रिपोर्टर