कुदरा नगर पंचायत में बैठक के दौरान हंगामा, मारपीट के आरोप से बढ़ा विवाद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 11, 2026
- 4 views
सफाई व्यवस्था ठप होने पर बुलाई गई थी बैठक, फोटो-वीडियो बनाने को लेकर वार्ड पार्षदों और कार्यपालक पदाधिकारी के बीच तीखी बहस
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:--- जिले के कुदरा नगर पंचायत कार्यालय में नगर के विकास और पिछले पांच दिनों से बंद पड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर नगर अध्यक्ष सुरेंद्र पाल द्वारा एक विशेष बैठक बुलाई गई। इस बैठक में सभी वार्ड पार्षदों को नगर कार्यालय कक्ष में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। बैठक की शुरुआत में नगर अध्यक्ष ने सभी वार्ड पार्षदों को अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ करने का निर्देश दिया। इसी दौरान कार्यपालक पदाधिकारी भी बैठक कक्ष में पहुंचीं। बैठक शुरू होते ही नगर कार्यालय के कुछ स्टाफ द्वारा फोटो और वीडियो बनाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर वार्ड पार्षदों और कार्यपालक पदाधिकारी के बीच तीखी बहस होने लगी, जो कुछ देर में काफी बढ़ गई। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि उनके साथ वार्ड पार्षदों द्वारा मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया है।
वहीं, मौके पर मौजूद नगर अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने इस मामले में कहा कि उन्होंने केवल बहस होते देखा और फोटो-वीडियो बनाने से मना किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि मारपीट की कोई घटना उनकी जानकारी में नहीं आई है। घटना के बाद नगर पंचायत में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


रिपोर्टर