अपने ही विधायक पर पार्टी का वार भिवंडी में सपा का बड़ा एक्शन, कांग्रेस के प्रचार का आरोप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 12, 2026
- 69 views
भिवंडी। विधायक रईस शेख को लेकर समाजवादी पार्टी ने भिवंडी की सियासत में बड़ा धमाका कर दिया है। पार्टी की ओर से विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे भिवंडी की राजनीति में हलचल मच गई है। पार्टी नोटिस के अनुसार, विधायक रईस शेख पर आरोप है कि उन्होंने पार्टी के आधिकारिक निर्देशों की अनदेखी करते हुए न केवल अनुशासनहीनता की, बल्कि खुले तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। सबसे बड़ा आरोप यह है कि उन्होंने हाल ही में हुए भिवंडी मनपा चुनाव के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।
राज्य नेतृत्व के पास जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिली शिकायतों में कहा गया है कि विधायक के इस कदम से पार्टी कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हुई और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा। साथ ही, वायरल वीडियो, फोटो और सोशल मीडिया पोस्ट को भी इस कथित गतिविधि का प्राथमिक सबूत बताया जा रहा है। नोटिस में साफ कहा गया है कि यह आचरण “घोर अनुशासनहीनता”, “पार्टी निष्ठा का उल्लंघन” और “जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के खिलाफ” है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोप सही पाए गए तो विधायक पर निलंबन, निष्कासन या अन्य कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। विधायक को 14 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो पार्टी बिना किसी अतिरिक्त सूचना के कार्रवाई करेगी।इस पूरे घटनाक्रम से भिवंडी की राजनीति में सियासी घमासान तेज हो गया है और अब सबकी नजरें रईस शेख के जवाब पर टिकी हैं।


रिपोर्टर