कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश


 राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को जिले के कालीपीठ, चाठा एवं बेलास उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन व्यवस्था का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

साथ ही निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र चाठा में व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नोडल अधिकारी श्री नरेश मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्‍होंने उपार्जन केंद्रों पर खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुसार उपार्जन कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट