चोरी केस का 24 घंटे में खुलासा यूपी के गोंडा से आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

भिवंडी। भिवंडी में घरफोड़ चोरी के सनसनीखेज मामले का शांतीनगर पुलिस स्टेशन ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गोंडा से गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए गहने और नकदी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, खंडूपाड़ा इलाके में स्थित भारत कंपाउंड के पास रहने वाले मोहम्मद शकील अब्दुल हई अंसारी के घर में 4 अप्रैल की रात से 6 अप्रैल की सुबह के बीच चोरी की वारदात हुई थी। उस समय परिवार घर के बाहर वाले कमरे में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने पीछे का लकड़ी का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और लोहे की पेटी में रखे सोने-चांदी के गहने व करीब 2 लाख रुपये नकद चुरा कर फरार हो गया। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी मोहम्मद आरिफ साहदुल्ला खान (22) की पहचान की गई, जो मूल रूप से गोंडा जिले का रहने वाला है। सीनियर पीआई विनायक गायकवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यूपी पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के घर की तलाशी में 10 ग्राम सोने के झुमके, 5 ग्राम का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और 75 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से दो सोने की अंगूठियां, अन्य आभूषण और करीब 1 लाख रुपये नकद भी जब्त किया है। मामले की आगे की जांच सुरेश चोपडे कर रहे हैं। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट