अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, एक की मौत, दो गंभीर


रोहतास। नगर निगम सासाराम के पुरानी जीटी रोड स्थित साहू सिनेमा के समीप एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो के पेड़ से टकरा जाने से स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जिनकी स्थिति चिंताजनक बताई जाती है। मृतक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के किरहिंडी गांव निवासी कन्हैया पासवान के 25 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश पासवान के रूप में हुई है।


बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे सभी 


घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि स्कार्पियो सवार कुल तीन लोग एक बर्थडे पार्टी में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी साहू सिनेमा के समीप ब्रेक फेल होने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ से जा टकराई। घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जाती है और स्कॉर्पियो ने पेड़ के समीप पान दुकान की दो गुमटियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।


स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त 


टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह चिपट गई और दोनों गुमटियां दूर जा गिरीं। वहीं टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशक्कत कर एक शव एवं दोनों घायलों को बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायलों की पहचान 27 वर्षीय प्रतिक राज एवं 26 वर्षीय जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है। 


मौके पर पहुंची पुलिस 


हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम नगर थाने की पुलिस ने आनन-फानन में दोनों घायलों को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कारण तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो को जब्त कर आगे की कार्रवाई चल रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट