ऑनलाइन के दौर में भी स्थानीय फर्नीचर पर भरोसा बरकरार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 19, 2026
- 2 views
संवाददाता। पारस नाथ दुबे।
डेहरी रोहतास।तार बंगाल स्थित सूरज फर्नीचर , ललन सिंह गदर के दुकान में कार्यरत वरिष्ठ कारीगर रामनाथ शर्मा और सुमित शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन बाजार के बढ़ते प्रभाव के बावजूद स्थानीय फर्नीचर दुकानों की अपनी विश्वसनीयता आज भी कायम है। हालांकि ऑनलाइन खरीदारी के कारण फर्नीचर दुकानों में कुछ मंदी जरूर देखी जा रही है, लेकिन गुणवत्ता और भरोसे के मामले में ग्राहक अब भी पारंपरिक दुकानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
करीब 15 वर्षों से सूरज फर्नीचर में कार्यरत कारीगर रामनाथ शर्मा ने बताया कि दुकान पर तैयार होने वाले पलंग, सोफा, दीवान और ड्रेसिंग टेबल में लकड़ी की पूरी गारंटी दी जाती है। ग्राहक अपनी पसंद की लकड़ी स्वयं चुन सकते हैं, जिससे उन्हें उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर पूरी संतुष्टि मिलती है।
उन्होंने यह भी बताया कि फर्नीचर तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है। पेंटिंग से पहले ग्राहकों को फोन कर लकड़ी दिखाई जाती है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसी लकड़ी का उपयोग हो रहा है, जिसे ग्राहक ने चुना था। इस प्रक्रिया से ग्राहकों का विश्वास और भी मजबूत होता है।
कारीगरों का कहना है कि ऑनलाइन फर्नीचर में अक्सर लकड़ी की गुणवत्ता को लेकर संदेह बना रहता है, जबकि स्थानीय दुकानों में ग्राहक के सामने पूरी प्रक्रिया होती है। यही कारण है कि आज भी कई लोग भरोसे और टिकाऊपन के लिए स्थानीय फर्नीचर को ही प्राथमिकता देते हैं।


रिपोर्टर