राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार की उपस्थिति में ब्यावरा में सामूहिक विवाह समारोह सम्पन्न
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Apr 19, 2026
- 124 views
अक्षय तृतीया पर 69 जोड़ों का हुआ विवाह/निकाह
राजगढ़ । अक्षय तृतीया के पावन एवं शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में प्रदेश शासन के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने 69 नवविवाहित जोड़ों (62 विवाह एवं 7 निकाह) को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन हेतु हार्दिक आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं जैसे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत देश के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य हो रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी पहलें समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं और गरीब परिवारों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत अब तक 5 लाख से अधिक विवाह संपन्न हो चुके हैं, जो इस योजना की सफलता और जनविश्वास का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा बनकर उभरी है, जिससे बेटियों का सम्मान और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की इन जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समाज के समग्र विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।


रिपोर्टर