प्रतिभा किरण एवं गांव की बेटी योजना के आवेदन प्रारंभ छात्राओं से लाभ लेने की अपील

राजगढ़ । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ के प्राचार्य डॉ. वी. बी. खरे ने जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों की पात्र छात्राओं को प्रतिभा किरण योजना एवं गांव की बेटी योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है। डॉ. खरे ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन के लिए स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 प्रारंभ कर दिया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्राओं को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उन्हें समय-सीमा के भीतर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना से वंचित न रहे।

प्राचार्य डॉ. खरे ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई, 2026 निर्धारित की गई है। अतः सभी छात्राएं समय रहते स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 पर अपना आवेदन पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि “बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है।शासन की इन योजनाओं के माध्यम से छात्राओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिल रहा है, जिसका सभी को लाभ उठाना चाहिए।” अंत में उन्होंने सभी महाविद्यालयों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक छात्राओं को इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की, जिससे जिले में महिला शिक्षा को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट