निर्धारित दर से अधिक वसूली पर फूटा गुस्सा, HP गैस एजेंसी पर हंगामा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 21, 2026
- 2 views
रसीद नहीं देने और होम डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ता परेशान
खुदरा (कैमूर):-- जिले के कुदरा नगर पंचायत स्थित एक HP गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। गैस लेने पहुंचे नगर एवं आसपास के ग्रामीणों ने एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जताई।मौके पर मौजूद उपभोक्ता बालमुकुंद रस्तोगी (उपभोक्ता संख्या 627105), जो कि नेवरास गांव, थाना कुदरा के निवासी हैं, ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का निर्धारित मूल्य ₹1013 है, लेकिन एजेंसी द्वारा ₹1060 की वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, अतिरिक्त राशि लेने के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई पक्का रसीद भी नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मियों द्वारा एक साधारण पीले रंग की पर्ची पर राशि लिखकर सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। जब इस संबंध में डीलर से पूछताछ की गई तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि पहले से ही होम डिलीवरी की सुविधा ठीक से नहीं मिल रही है, जिससे उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी तक आना पड़ता है। ऊपर से अतिरिक्त पैसे की वसूली और रसीद नहीं दिए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है।
हंगामे की सूचना पर स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि एजेंसी की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा निर्धारित दर पर पारदर्शी तरीके से गैस वितरण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग:
ग्रामीणों और नगरवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं का शोषण रोका जा सके और उन्हें उचित मूल्य पर गैस उपलब्ध हो सके।


रिपोर्टर