विश्व पृथ्वी दिवस पर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 22, 2026
- 2 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास।स्थानीय मध्य विद्यालय शिवगंज डेहरी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर इको क्लब एवं बाल संसद के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक शिक्षिका श्रीमती चंचल द्विवेदी के नेतृत्व में तथा प्रधानाध्यापक संजय कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के अनुरूप छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा पृथ्वी संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही चित्रांकन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों में पृथ्वी को बचाने के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने “पृथ्वी बचाओ, आने वाली पीढ़ी को बचाओ” और “प्रकृति से प्यार करो, यही हमारा भविष्य” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पूरी दुनिया में पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने तथा एक स्थायी भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में प्रेमचंद प्रसाद, नरेश प्रसाद, मोनू गुप्ता, सुजाता प्रसाद एवं नसरीन सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्रों के साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।


रिपोर्टर