भिवंडी मनपा बकरीद को लेकर पूरी तरह तैयार,कुर्बानी केंद्रों पर विशेष व्यवस्था
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 14, 2026
- 83 views
35 पानी के टैंकर, 200 वाहन और पशु चिकित्सकों की तैनाती, प्रशासन ने जारी किए निर्देश
भिवंडी। आगामी बकरीद पर्व को लेकर भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में 27 मई 2026 को मुस्लिम समुदाय द्वारा बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा, जो अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। त्योहार के मद्देनज़र महानगरपालिका प्रशासन ने स्वच्छता, पानी आपूर्ति, अपशिष्ट प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। महानगरपालिका आयुक्त ने अब तक तीन समीक्षा बैठकें आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इन बैठकों में कुर्बानी केंद्रों की व्यवस्था, वहां उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाएं, सफाई कर्मियों की नियुक्ति, घंटागाड़ियों की व्यवस्था, पानी के टैंकर उपलब्ध कराने तथा अनुमति प्रक्रिया के लिए अलग कक्ष शुरू करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि बकरीद के दौरान शहर में अधिकृत कुर्बानी केंद्र ही निर्धारित किए जाएंगे और नागरिकों से केवल उन्हीं केंद्रों पर कुर्बानी करने की अपील की गई है। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा जांच किए जाने के बाद ही पशुओं की कुर्बानी की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए अलग-अलग केंद्रों पर पशु चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। वहीं म्हाडा कॉलोनी में लगने वाले बकरा बाजार की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मनपा ने विशेष तैयारी की है। पानी आपूर्ति विभाग को आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर अधिग्रहित करने के निर्देश दिए गए हैं। बकरीद के दौरान कुर्बानी के बाद तत्काल सफाई और दवा छिड़काव के लिए 35 पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। वहीं वाहन विभाग को अपशिष्ट उठाने और उसे निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से 200 टेम्पो और डंपर, 17 जेसीबी, 3 फराना (क्रेन) तथा पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए 13 वाहनों की व्यवस्था की गई है। अपशिष्ट को शहर के बाहर निर्धारित क्षेपणभूमि में बनाए गए गड्ढों में वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा। आरोग्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि अपशिष्ट उठाने वाले वाहनों पर पर्याप्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाए। साथ ही जहां अपशिष्ट को दफनाया जाएगा, वहां प्रत्येक फेरी के बाद दवा का छिड़काव किया जाए, ताकि आसपास के नागरिकों को दुर्गंध या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। महानगरपालिका प्रशासन ने कहा है कि बकरीद के लिए निर्धारित कुर्बानी केंद्रों की सूची जल्द सार्वजनिक की जाएगी। प्रशासन ने सभी अनुमति धारकों और नागरिकों से अपील की है कि वे उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और स्वच्छ तरीके से त्योहार मनाएं तथा प्रशासन को सहयोग करें।


रिपोर्टर