ड्रोन खतरों से निपटने को लेकर गया एयरपोर्ट पर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण संपन्न
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 15, 2026
- 2 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- सीआईएसएफ यूनिट एएसजी गया एयरपोर्ट में 13 एवं 14 मई 2026 को “सब कन्वेंशनल एरियल थ्रेट से निपटने हेतु सुरक्षा कर्मियों के कोर ग्रुप का प्रशिक्षण” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय वायु सेना स्टेशन बिहटा, पटना की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन भारतीय वायु सेना स्टेशन बिहटा के वारंट ऑफिसर मदन कुमार, जूनियर वारंट ऑफिसर शशि भूषण एवं सार्जेंट जी.के. सिंह ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों को ड्रोन एवं मानवरहित हवाई यान आधारित खतरों की पहचान, उनसे निपटने के उपाय, सुरक्षा प्रणाली तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की पहचान, एंटी ड्रोन रिस्पॉन्स सिस्टम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यवाही के संबंध में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण को वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों के दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी बताया गया।
13 मई को आयोजित प्रशिक्षण में सीआईएसएफ के 41 जवानों एवं राज्य पुलिस के 10 जवानों ने भाग लिया। वहीं 14 मई को सीआईएसएफ के 61 जवान, राज्य पुलिस के 10 जवानों के अलावा एयरपोर्ट अग्निशमन सेवा एवं हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष के कर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
भारतीय वायु सेना की टीम ने आधुनिक समय में बढ़ते हवाई खतरों के प्रति सतर्कता, तैयारी एवं समन्वित प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। प्रशिक्षण से एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात कर्मियों की परिचालन तैयारी, परिस्थितिजन्य जागरूकता एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
समापन अवसर पर सीएएसओ एएसजी गया द्वारा भारतीय वायु सेना के अधिकारियों को अंगवस्त्र, प्रशंसा पत्र एवं भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं भारतीय वायु सेना की टीम ने भी सीआईएसएफ यूनिट एएसजी गया एयरपोर्ट को सफल सहभागिता हेतु सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया।
संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत व्यावसायिक एवं सफल ढंग से संपन्न हुआ, जिससे एयरपोर्ट सुरक्षा में संलग्न विभिन्न एजेंसियों की क्षमता, समन्वय एवं सुरक्षा जागरूकता में सकारात्मक वृद्धि हुई।


रिपोर्टर