अतिक्रमण से सडक पर तबाही का आलम


रोहतास। सासाराम शहर के रौजा रोड इलाके में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़क पर एक एंबुलेंस तक आसानी से नहीं गुजर पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर किसी मरीज की हालत गंभीर हो जाए, तो समय पर अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।

लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो की जाती है, लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ दिखावा बनकर रह जाती है। जिस तेजी से अतिक्रमण हटाया जाता है, उसी तेजी से दोबारा दुकानें और ठेले सड़क किनारे लग जाते हैं। इसके बावजूद प्रशासन और नगर निगम की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि प्रशासन को सिर्फ उगाही या औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सख्ती के साथ स्थायी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना चाहिए। शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है और अगर भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।

लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ी घटना नहीं होती, तब तक अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते, लेकिन घटना के बाद जिम्मेदारी से बचने की कोशिश शुरू हो जाती है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वक्त रहते सख्त कार्रवाई कर शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाई जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट