रामगढ़ चर्चित सुटकेस हत्याकांड में आरोपियों को 72 घंटे की पुलिस रिमांड
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 27, 2026
- 3 views
सूटकेस कांड में शामिल विकास गुप्ता और राहुल उर्फ गौतम से पुलिस करेगी गहन पूछताछ, कई और राज खुलने की उम्मीद
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के चर्चित रामगढ़ चार हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर शवों के सिर गायब कर देने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने 72 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, प्रभारी सीजेएम मोहनियां आलोक रंजन की अदालत ने बुधवार 27 मई 2026 को आरोपी विकास गुप्ता और राहुल उर्फ गौतम साकिब डरहक को तीन दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की। रामगढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता और अनुसंधान के कई अहम बिंदुओं पर गहन पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए अदालत में आवेदन दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार, शवों के सिर ठिकाने लगाने, घटना में शामिल अन्य लोगों और साक्ष्य मिटाने के तरीकों को लेकर पूछताछ की जाएगी। इस हत्याकांड की वीभत्सता को देखते हुए अदालत ने आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। गौरतलब है कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के डरहक गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में कृष्ण मुरारी गुप्ता, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर शवों के टुकड़े कर दिए गए थे। शवों को सूटकेस और बोरे में भरकर अलग-अलग जगहों पर फेंका गया था। पुलिस जांच में मृतक का छोटा भाई विकास गुप्ता ही इस कांड का मास्टरमाइंड निकला था, जबकि राहुल उर्फ गौतम सहित अन्य सहयोगियों की भी संलिप्तता सामने आई थी।
कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला पहले ही प्रेस वार्ता में बता चुके हैं कि पारिवारिक विवाद और मां की पिटाई की घटना के बाद इस हत्याकांड की साजिश रची गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने घर में खून के निशान मिटाने तक की कोशिश की थी। अब पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस चर्चित “सूटकेस हत्याकांड” से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।


रिपोर्टर